श्री नारायन की अध्यक्षता में नगरीय निकायों की समीक्षा बैठक संपन्न
अवैध पोस्टर, आवारा जानवर, स्वच्छता और राजस्व वसूली पर दिए गए कड़े निर्देश
छिंदवाड़ा, 16 अक्टूबर 2025:
कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता में आज जिला कलेक्टर कार्यालय के मिनी सभाकक्ष में जिले के सभी नगरीय निकायों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, राजस्व वसूली, स्वच्छ भारत मिशन, सीएम हेल्पलाइन, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन और “स्वच्छता ही सेवा” अभियान जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा की गई।
इस अवसर पर नगर निगम छिंदवाड़ा के आयुक्त श्री सी.पी. राय सहित जिले के सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारी एवं उपयंत्री उपस्थित रहे।
अवैध पोस्टरों पर सख्ती के निर्देश
कलेक्टर श्री नारायन ने बैठक में स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जिले में एक भी अवैध पोस्टर नहीं दिखना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी अवैध पोस्टर पाए गए तो संबंधित नगरीय निकाय के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आवारा जानवर और स्वच्छता व्यवस्था पर जोर
श्री नारायन ने नगर क्षेत्रों में बढ़ती आवारा पशुओं की समस्या पर नाराजगी जताई और निर्देश दिए कि आवारा गायों को शीघ्र ग्रामीण गौशालाओं में शिफ्ट किया जाए। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक बेहतर करने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने यह भी कहा कि एयर क्वालिटी इंडेक्स में सुधार के लिए ठोस उपाय किए जाएं और शहर में कहीं भी ब्लैक स्पॉट नहीं होना चाहिए। साथ ही येलो और रेड स्पॉट्स तथा जीवीपी (Garbage Vulnerable Points) क्षेत्रों की विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा।
प्रधानमंत्री आवास योजना में तेजी लाने के निर्देश
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत जारी कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी परियोजनाओं को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। हर्रई नगर परिषद के सीएमओ को विशेष रूप से कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
राजस्व वसूली में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री नारायन ने सभी नगरीय निकायों को वसूली कार्य में सुधार लाने को कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर उनका वेतन भी रोका जा सकता है। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी सीएमओ यह सुनिश्चित करें कि राजस्व वसूली निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप हो।



