कोलार मेजर लिफ्ट परियोजना में बिलकिसगंज सहित 44 गांव होंगे शामिल, किसानों के खाते में 118 करोड़ की राहत राशि अंतरित

कोलार मेजर लिफ्ट परियोजना में बिलकिसगंज सहित 44 गांव होंगे शामिल, किसानों के खाते में 118 करोड़ की राहत राशि अंतरित

भोपाल, शनिवार, 18 अक्टूबर 2025,

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने धनतेरस के शुभ अवसर पर सीहोर जिले के किसानों को राहत राशि प्रदान की और बिलकिसगंज सहित इछावर क्षेत्र के 44 गांवों को कोलार मेजर लिफ्ट परियोजना में शामिल करने की घोषणा की। इसके साथ ही इछावर नगर परिषद को विकास कार्यों के लिए विशेष निधि से अनुदान देने की भी घोषणा की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसान, गरीब, महिला और वंचित वर्गों की सरकार है और किसानों की समृद्धि के लिए निरंतर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि फसल क्षति राहत राशि अब किसानों के खाते में भेजी जा रही है और बीमा राशि मिलना बाकी है। सोयाबीन किसानों के लिए भावांतर योजना के तहत फसल का उचित दाम सुनिश्चित किया जा रहा है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सीहोर जिले के 2,05,977 किसानों के खातों में 118 करोड़ 41 लाख रुपये की फसल क्षति राहत राशि अंतरित की। राहत राशि में पीला मोजेक एवं कीट व्याधि से प्रभावित 1,87,140 किसानों को 101 करोड़ 70 लाख 90 हजार 999 रुपये और अतिवृष्टि से प्रभावित 18,837 किसानों को 16 करोड़ 70 लाख 36 हजार रुपये दिए गए। फसल नुकसान भैरूंदा, बुधनी, आष्टा, जावर, रेहटी, इछावर, श्यामपुर, दोराहा एवं सीहोर नगर के किसानों की फसल से जुड़ा है।

मुख्यमंत्री ने 69 करोड़ 38 लाख 36 हजार रुपये की विभिन्न विकास और निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सिंचाई का रकबा पहले 7.5 लाख हेक्टेयर था, जो अब 53 लाख हेक्टेयर तक पहुंच गया है। किसानों को सोलर पंप लगाने के लिए सरकार 90% अनुदान दे रही है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के किसानों को 32 लाख सोलर पंप उपलब्ध कराए जाएँ।

डॉ. यादव ने युवाओं के लिए रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास के प्रयासों की जानकारी देते हुए कहा कि इंडस्ट्री समिट के माध्यम से प्रदेश में निवेश बढ़ाया जा रहा है। इसके अलावा स्कूली बच्चों को किताबें और ड्रेस मुफ्त प्रदान की जा रही हैं, जबकि 1.27 करोड़ बहनों को लाड़ली बहना योजना के तहत लाभ मिल रहा है। दीपावली के बाद भाई दूज पर 250 रुपये अतिरिक्त राशि दी जाएगी और अगले महीने से प्रत्येक माह 1,500 रुपये प्रदान किए जाएंगे।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने उद्यानिकी विभाग और स्व सहायता समूह की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। उन्होंने सीताफल, ड्रैगन फ्रूट, शिमला मिर्च और PMFME इकाइयों द्वारा उत्पादित पोषक उत्पादों की सराहना की। एकीकृत बागवानी विकास मिशन के तहत दो कृषकों को छोटा ट्रैक्टर प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में विधायक रमाकांत भार्गव, सुदेश राय, गोपालसिंह इंजिनियर, जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना सुरेंद्र मेवाड़ा, पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य सीताराम यादव, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर समेत अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें