“ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में भोपाल की बेटियाँ देंगी बैंड प्रस्तुति – स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में होगा आयोजन ”

भोपाल की बेटियाँ बढ़ाएँगी मध्यप्रदेश का गौरव – प्रधानमंत्री श्री मोदी की मौजूदगी में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर देंगी बैंड की प्रस्तुति

भोपाल, 16 अक्टूबर 2025 – मध्यप्रदेश की बेटियाँ अब राष्ट्रीय मंच पर प्रदेश का नाम रोशन करने जा रही हैं। सेंट जोसेफ कॉन्वेंट ईदगाह हिल्स स्कूल, भोपाल की बालिका बैंड टीम आगामी राष्ट्रीय एकता दिवस ( 31 अक्टूबर 2025 ) को गुजरात के एकता नगर स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह की मौजूदगी में अपनी प्रस्तुति देगी। यह अवसर न केवल विद्यालय बल्कि पूरे भोपाल और मध्यप्रदेश के लिए गर्व का क्षण है। विद्यालय की बैंड टीम ने स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय बैंड प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया था और इसके बाद राष्ट्रीय स्तर पर द्वितीय स्थान हासिल कर मध्यप्रदेश का मान बढ़ाया। उसी उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने इस टीम को स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में प्रस्तुति देने के लिए चयनित किया है। गृह मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शामिल दो सर्वश्रेष्ठ टीमों को आमंत्रित किया गया है – बालिका वर्ग में भोपाल की सेंट जोसेफ कॉन्वेंट टीम और बालक वर्ग में राजस्थान की विजेता टीम।

यह समारोह लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर पर छात्राओं की बैंड टीम राज्य पुलिस बल, सीमा सुरक्षा बल, अन्य केंद्रीय सुरक्षा बलों और एनसीसी की टीमों के साथ मंच साझा करेगी, जो अपने आप में एक बड़ा सम्मान है।

30 बालिकाओं की यह टीम अपने प्रशिक्षक श्री रसिक नागर पांडेय के नेतृत्व में 23 अक्टूबर को गुजरात के लिए रवाना होगी। श्री पांडेय ने बताया कि कार्यक्रम में टीम हिन्दी, गुजराती, अंग्रेजी, स्पेनिश और जर्मन धुनों की मनमोहक प्रस्तुति देगी। विद्यालय की प्राचार्य सिस्टर लिली ने बताया कि “पिछले 15 दिनों से छात्राएँ इस गौरवपूर्ण अवसर की तैयारी में जुटी हैं। इस कार्यक्रम में भाग लेना हमारे विद्यालय, भोपाल और सम्पूर्ण मध्यप्रदेश के लिए अत्यंत गर्व की बात है ।”

Leave a Comment

और पढ़ें