मानसिक स्वास्थ्य को न करें अनदेखा : महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रशिक्षण आयोजित

मानसिक स्वास्थ्य को न करें अनदेखा : महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बाल हितेषी ग्राम पंचायतों के लिए प्रशिक्षण आयोजित

उज्जैन, 16 अक्टूबर। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री ब्रजेश त्रिपाठी के मार्गदर्शन में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत बाल हितेषी ग्राम पंचायत गठन पहल के तहत गुरुवार को जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस प्रशिक्षण में उज्जैन, बड़नगर और घट्टिया विकासखंड की 45 ग्राम पंचायतों से जुड़े माध्यमिक शालाओं के 90 शिक्षकों एवं छात्रावास वार्डनों ने सहभागिता की। प्रशिक्षण का उद्देश्य किशोरियों और बच्चों में स्वास्थ्य, शिक्षा, संरक्षण, साइबर अपराध और लैंगिक समानता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर संवेदनशीलता बढ़ाना था। महिला एवं बाल विकास विभाग की विधि सह-परिवीक्षा अधिकारी श्रीमती प्रियंका त्रिपाठी ने प्रतिभागियों को किशोर न्याय अधिनियम 2015, पाक्सो अधिनियम, एवं बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम की प्रमुख धाराओं के साथ-साथ बाल संरक्षण से संबंधित विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। राज्य साइबर सेल उज्जैन के सहायक उपनिरीक्षक श्री हरेन्द्र पाल सिंह ने ऑनलाइन सुरक्षा, साइबर अपराधों के दुष्प्रभाव और उनसे बचाव के उपायों को केस स्टडी के माध्यम से समझाया। आदित्य बिरला एजुकेशन ट्रस्ट के मनोवैज्ञानिक श्री निखिल मिश्रा ने मानसिक स्वास्थ्य की चुनौतियों और उनसे निपटने के लिए मनोवैज्ञानिक उपकरणों एवं रेफरल सेवाओं की तकनीकी जानकारी साझा की। राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के जिला प्रतिनिधि श्री योगेश नरूका ने प्रजनन एवं यौन स्वास्थ्य, माहवारी स्वच्छता, मानसिक स्वास्थ्य, एड्स जैसी गंभीर बीमारियों और हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में जानकारी दी।तकनीकी सहयोगी संस्था ममता एच.आई.एम.सी., नई दिल्ली के जिला प्रतिनिधि श्री नीलेश दुबे ने सहभागिता आधारित गतिविधियों के माध्यम से लैंगिक भेदभाव, सकारात्मक मर्दानगी, समानता और समता पर विस्तार से चर्चा की। प्रशिक्षण के अंत में प्रतिभागियों ने स्कूली एवं शाला-त्यागी किशोर-किशोरियों के लिए मासिक कार्ययोजना तैयार की और विषयवार सत्रों की रूपरेखा पर विमर्श किया। कार्यक्रम के समापन पर महिला एवं बाल विकास विभाग की श्रीमती प्रियंका त्रिपाठी ने सभी प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Comment

और पढ़ें