कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन ने आज परासिया रोड स्थित मार्कफेड के डबल लॉक यूरिया विक्रय केंद्र का औचक निरीक्षण किया । इस दौरान उनके साथ सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार, एसडीएम परासिया श्री शुभम यादव, उप संचालक कृषि श्री जितेन्द्र कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यूरिया के भंडारण, वितरण व्यवस्था, किसानों की उपस्थिति तथा केंद्र की कार्यप्रणाली की विस्तार से समीक्षा की।
कलेक्टर श्री नारायन ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यूरिया वितरण की व्यवस्था पूर्णतः पारदर्शी होनी चाहिए तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की शिकायत नहीं आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन उपलब्ध खाद की मात्रा के अनुसार ही टोकन जारी किए जाएं, ताकि किसानों को अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री नारायन ने यह भी कहा कि जब टोकन क्रमांक के आधार पर वितरण किया जा रहा है, तो किसानों को लाइन में खड़े होने की आवश्यकता नहीं होनी चाहिए। किसानों को उनके टोकन क्रमांक के अनुसार आवाज देकर बुलाया जाए। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि किसानों के बैठने की उचित व्यवस्था की जाए और केंद्र पर पीने के पानी की सुविधा भी सुनिश्चित की जाए।
इसी क्रम में कलेक्टर श्री नारायन ने चौरई में भी नगद खाद वितरण केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने डबल लॉक केंद्र चौरई एवं मार्केटिंग समिति चौरई का निरीक्षण करते हुए खाद की उपलब्धता एवं वितरण की व्यवस्थाएं देखी।
इस दौरान कलेक्टर ने उप संचालक कृषि श्री सिंह को निर्देश दिए कि वे केंद्रों की सतत मॉनिटरिंग करें और दैनिक रिपोर्ट उन्हें प्रेषित करें। साथ ही विपणन अधिकारी को निर्देश दिए कि गोदामों में रखे खाद को शीघ्रता से समितियों तक पहुंचाया जाए, ताकि किसानों को खाद उपलब्धता में किसी प्रकार की परेशानी न हो।




